सिविल लाइन स्थित नगर पालिका की नजूल आराजी नंबर 1810, 1811, 1834 में 30 एकड़ से अधिक बेशकीमती जमीन पर दो दर्जन अतिक्रमणकारी कब्जा किए हुए हैं। 1811 अंतर्गत दिमानी पट्टे की 9.45 एकड़ जमीन को नगर पालिका ने विगत दिनों प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में कब्जा कर लिया, अब 1811 व 1834 के रकवा 16.36 एकड़ के अंश भाग पर बने रिमझिम होटल, रॉयल गार्डन व शहनाई रिमझिम गार्डन के मालिकों को नोटिस जारी किया है। इन दो आराजी नंबर के अंशभाग पर 10 कमरे, किचिन लेट्रिन, बाथरूम, बरामदा, पीछे दो कमरा व एक हाल के साथ लेट्रिन बाथरूम का निर्माण किया गया है। मालिक अजय कुमार चौबे निवासी तलैयापुरा ललितपुर व चंचल चौबे निवासी सिविल लाइन ललितपुर को नोटिस देकर सात दिन में निर्माण से संबंधित स्वीकृत मानचित्र के साथ समस्त अभिलेख घंटाघर स्थित नगर पालिका परिषद कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा है। स्वामित्व संबंधी अभिलेख प्राप्त न होने की स्थिति में उक्त निर्माण को अवैध मानते हुए नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसके समस्त हर्जे एवं खर्चे का उत्तरदायित्व मालिका का होगा।