ललितपुर। जनपद में स्वास्थ्य विभाग के तीन चिकित्सकों का स्थानांतरण गैर जनपद के लिए हो गया। इससे अब चिकित्सकों की कमी और बढ़ जाएगी। स्वास्थ्य विभाग में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों के 81 पद स्वीकृत हैं, जिसके सापेक्ष वर्तमान में 37 चिकित्सक कार्यरत है। 44 पद रिक्त चल रहे है। अब शासन ने महरौनी में कार्यरत डॉ. सपना राठौर, सीएचसी बार में तैनात डॉ. गोपाल गुप्ता व पूरा बिरधा में तैनात हेमंत कुमारी का स्थानांतरण गैर जनपद कर दिया है। तीन चिकित्सकों के स्थानांतरित होने से अब रिक्त पदों की संख्या 47 पहुंच गई है। सीएमओ डॉ. इम्तियाज अहमद ने बताया कि संविदा पर चिकित्सक कार्यरत हैं। इससे उपचार की सेवाएं कहीं भी प्रभावित नहीं होंगी। संवाद