ललितपुर। प्रेमिका की डोली उठने के बाद प्रेमी ने खुदकुशी करने के पहले चार पन्नों का सुसाइड नोट भी लिखा था। जिसमें उसने आत्महत्या करने को गलत बताया, लेकिन जान देने को मजबूर होना बताया। सुसाइड नोट में प्रेमी ने लिखा कि जीवन भर साथ रहने की सोचा था... यह संभव नहीं हो सका।इसके साथ ही उसने इंस्टाग्राम आईडी चलाने वाले सहित अन्य लोगों के चलते जान देने बात भी लिखी है। मृतक लड़के के परिजनों ने थाना पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
शनिवार को थाना जाखलौन अंतर्गत एक ग्राम निवासी 18 वर्षीय लड़के ने मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के एक गांव में अपनी बहन के घर तब जहर खा लिया था, जब यहां उसकी प्रेमिका की डोली उठ रही थी। जहर खाने से लड़के की मौत गई। इसके पहले लड़के ने चार पेज के सुसाइड नोट में अपनी प्रेम कहानी से लेकर आत्महत्या करने का कारण, आत्महत्या के लिए परिस्थितियां उत्पन्न कर देने जैसी कई बातें लिखी हैं। सुसाइड नोट में उसने लिखा कि वह जो कुछ करने जा रहा हूं। वह करना गलत है, लेकिन वह मजबूर है। उसकी वजह से कई बेगुनाह लोग मरेंगे। इसका कारण है जो काम न तो उसने किया है और न कर रहा है बावजूद इसके सभी लोग उसे गुनहगार समझ रहे हैं। जबकि गुनहगार कोई और है, जिसका वह पता नहीं लगा पा रहा है। उसका गुनाह तो सिर्फ इतना है कि उसने प्यार किया, इसके अलावा कोई गुनाह नहीं किया। अगर आज वह नहीं मरेगा तो इंस्टाग्राम आईडी वाला उसकी प्रेमिका की फोटो डालेगा और सभी लोग उसे गुनाहगार मानेंगे। लड़के ने लिखा है कि वह आईडी वाला सोच रहा है कि कोई मर जाए तो वह फोटो नहीं डालेगा। इस कारण से आज मर जाता हूं तो शायद फोटो न डाले। इसके साथ लड़के ने अपने चाचा को भी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार बताया। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
जहां रहना, खुश रहना, मेरी दुआ हमेशा उसके साथ रहेगी
सुसाइड नोट में अपनी प्रेमिका के लिए मरने से पूर्व प्रेमी ने काफी कुछ लिखा है और वह किस हद तक उसे चाहता था यह बताने का प्रयास किया। लड़के ने लिखा कि वह चाहेगा कि वो जहां रहे, वहां खुश रहे, उसकी दुआ उसके साथ हमेशा रहेगी।
एक माह से मर-मरकर जी रहा हूं, इस कारण जान देने का किया फैसला
प्रेमी ने लिखा कि वह गुनहगार न होते हुए भी एक माह से मर-मर कर जी रहा है। जोकि वह सहन नहीं कर पा रहा है। इस कारण से उसने जान देने का फैसला किया है। पत्र में लड़के ने अपने परिवार के लिए लिखा कि उसे पता है कि यह सदमा उसके घरवाले सहन नहीं कर पाएंगे। लेकिन उन्हें करना होगा। सभी रिश्तेदार और उसके सभी प्रिय मित्र माफ कर देना।
चार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस
ललितपुर। जहर खाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने मृतक लड़के के पिता ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें उसने बताया कि गांव की लड़की के चलते विवाद चल रहा था। जिस पर रतीभान, मदन, हीरा और शिखर ने 17 जून को उसके पुत्र को शिखर के घर पर जान से मारने की धमकी दी थी। साथ में चारों आरोपियों ने यह भी कहा था कि 23 जून को लड़की की शादी हो जाने के बाद 24 जून को उसके पुत्र को जान से मार देने की बात कही थी। आरोपियों के दबाव और धमकी से उसके पुत्र ने सदमें में आकर 24 जून को आत्महत्या कर ली। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। ब्यूरो