संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। लोकसभा चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों की खैर नहीं है। उनकी पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कहना है पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक का। एसपी ने मंगलवार को कोतवाली सदर का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी करने और क्षेत्र में गश्त व फ्लैग मार्च करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले पुलिसकर्मियों से सलामी ली। इसके बाद कोतवाली के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। सीसीटीएनएस कार्यालय में जाकर कर्मचारी से आवश्यक जानकारी ली। जीडी कार्यालय में पहुंचकर अपराध रजिस्टरों का अवलोकन किया और गैंगस्टर कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटरों, जिला बदर, गुंडा कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। मालखाना, हवालात, सीसीटीवी का निरीक्षण किया। इसके साथ एसपी ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को अन्य बिंदुओं पर निर्देशित किया। क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण सिंह, वाचक एसपी कृष्ण देव यादव, पीआरओ उप निरीक्षक अभिषेक सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
-
पिस्टल को खोलने में कुछ ही उपनिरीक्षक रहे सफल
एसपी ने निरीक्षण के दौरान कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षकों से उनकी पिस्टल को खुलवाया और फिर उसे बंद कराया। इसमें कुछ ही उपनिरीक्षक सफल रहे। एसपी ने सरकारी पिस्टल की समय से साफ- सफाई करवाने के निर्देश दिए।
सीएए को लेकर लोगों को करें जागरूक : एसपी
नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) की अधिसूचना व क्रियान्वयन को लेकर एसपी ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को दिशा निर्देश दिए। इसके तहत धर्मगुरुओं से संवाद करने व शांति समिति की बैठक कर जागरूक करने को कहा। ताकि कोई भ्रम की स्थिति न रहे।