संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विवाह घर में आयोजित शादी कार्यक्रम से करीब साढे़ छह लाख रुपये के सोने चांदी के जेवरात व नकदी से भरा बैग चोर ले गए।
मोहल्ला तालाबपुरा निवासी शिवदत्त बिदुआ की पुत्री की शादी गल्ला मंडी के पास स्थित विवाह घर में 18 फरवरी को थी।शिवदत्त ने पुत्री के विवाह में चढ़ाने के लिए एक बैग लिया था, जिसमें सोने की कान की झुमकी, ब्रासलेट वजन करीब 3.25 तोला कीमत करीब 2.2 लाख रुपये और विवाह में मिलने वाले द्वारा दिए गए करीब 2.50 लाख रुपये, चांदी की पायलें, 200-200 रुपयों के नोटों की गड्डी रखी थी। बैग में करीब 6.50 लाख रुपये के जेवर व सामान मौजूद था। विवाह घर से दुल्हन पक्ष का जेवरात व नकदी रुपया रखा बैग चोरी हो जाने से वहां हड़कंप मच गया और सभी बैग की तलाश में जुट गए, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। पीड़ित शिवदत्त बिदुआ ने कोतवाली पुलिस को एक शिकायती पत्र दिया और कार्रवाई की मांग की। पत्र में यह भी बताया कि शादीघर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिसके आधार पर पुलिस चोर को पकड़ सकती है।