पाली। टोरिया स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी के कमरे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और कमरे में रखी करीब आठ हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मंदिर के पुजारी महंत रामसेवक दास महाराज ने थाना पाली में दी तहरीर में बताया कि रविवार सुबह करीब नौ बजे वह बाजार से सामान खरीदने के लिए कमरे में ताला लगाकर गए थे। दोपहर करीब 12 बजे वापस लौटने पर उन्होंने कमरे का ताला खोला तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। कमरे की एक दीवार भी टूटी हुई मिली। उन्होंने कमरे में रखी नकदी की जांच की तो करीब आठ हजार रुपये गायब मिले। पुजारी ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और चोरी का खुलासा करने की मांग की है। पुलिस घटना के संबंध में जांच-पड़ताल में जुटी है। संवाद