अधिकारी, कर्मचारियों की भांति अब अध्यापकों की भी मोबाइल से लोकेशन लेने की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को मध्याह्न भोजन योजना के जिला समन्वयक कपिल दुबे ने सुबह आठ से नौ के मध्य मोबाइल से अध्यापकों की लोकेशन जांची। इस दौरान ब्लाक मड़ावरा, तालबेहट, बार, जखौरा, बिरधा के शिक्षकों की लोकेशन ली गई, इसमें 19 अध्यापक गैर हाजिर मिले। इनमें प्राथमिक विद्यालय लखंजर में एक, बरौदाडांग स्कूल के तीन, प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय कंधारीकलां के छह, प्राथमिक विद्यालय गेवरा, प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय हीरापुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बरौदा स्वामी, कन्या प्राथमिक विद्यालय बानपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय धनगौल, कन्या प्राथमिक विद्यालय धनगौल, प्राथमिक विद्यालय मड़ावरा नंबर एक आदि स्कूूलों के शिक्षकों की लोकेशन स्कूल मेें नहीं मिली। इस पर बीएसए रामपाल सिंह ने सभी अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। पिछले दिनों मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक गंगा सिंह राजपूत ने बीएसए को अध्यापकों की मोबाइल से लोकेशन लेने के निर्देश दिए थे, इस पर काम शुरू हो गया है। इससे अध्यापकों की स्कूल में होने की हकीकत सामने आने लगी है।