संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। भीषण गर्मी के बीच सिविल लाइन में एक फेस में बिजली न आने से सैकड़ों उपभोक्ताओं को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी।
इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। सुबह से ही लू के थपेड़ों के कारण घर से निकलना मुसीबत भरा हो रहा है। सोमवार को दिन में हंसारी उपकेंद्र में आग लगने के कारण पूरी दोपहर लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा था। सायंकाल बिजली आने पर लोगों को राहत महसूस हुई थी। लेकिन, रात में साढे़ दस बजे के बाद स्टेशन रोड पर रखे ट्रांसफॉर्मर से एक फेस में सप्लाई बंद हो गई। आधी सिविल लाइन में पूरी रात घरों की बिजली गुल रही। ट्रांसफॉर्मर के खराब होने पर विभाग द्वारा मोबाइल ट्रांसफॉर्मर रखकर कई दिनों से काम चलाया जा रहा हैं, जो भीषण गर्मी में लोड बढ़ने के कारण आए दिन जवाब दे रहा है। एसडीओ अक्षय विश्वकर्मा ने बताया कि लाइन में फाल्ट होने के कारण सप्लाई बाधित रही थी।