तालबेहट। कोतवाली तालबेहट के अंतर्गत ग्राम सभा खांदी के मजरा खिन्नीपुरा में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। ईश्वर का शुक्र रहा कि काफी देर तक फंदे पर लटके रहने के बावजूद युवक जीवित रहा। पुलिस ने युवक को फंदे से उतार कर गंभीर अवस्था में सीएचसी पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। खांदी के मजरा खिन्नीपुरा निवासी राकेश (30) पुत्र कैलाश कुशवाहा कई दिनों से परेशान चल रहा था। मंगलवार की रात में वह घर से चला गया। सुबह बुधवार को वह गांव के खेत में एक पेड़ पर अचेत अवस्था में लटका दिखा। इसकी सूचना तत्काल लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर गए उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र चतुर्वेदी ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। अभी तक इस बात का कोई स्पष्ट कारण नहीं मिल सका कि युवक ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया।