ललितपुर। सरकार भले ही गांवों के विकास पर जोर दे रही है लेकिन जनपद में दलदल युक्त सड़कें विकास कार्यों को आइना दिखाने के लिए काफी हैं। आलम यह है कि कहीं सड़कों पर दलदल है तो कहीं पर नालियां चोक पड़ी होने से आवागमन बाधित हो रहा है। हैरत की बात तो यह है कि स्कूल जाने वाले कच्चे रास्ते भी दलदल में तब्दील हो गए हैं जिनसे आवागमन करने में बड़ों के साथ बच्चों को भी जान जोखिम में डाल कर निकलना पड़ रहा है। ग्रामीणों की गुहार के बाद भी न तो अधिकारी ध्यान दे रहे और न ही जनप्रतिनिधि इन रास्तों को बनवाने की कोशिश कर रहे हैं। खास बात तो यह है कि बालाबेहट के मजरा बरैना और ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्षपुर के मजरा भर्रा की सड़क बनवाने के लिए ग्राम प्रधान से लेकर शिक्षक और स्कूली बच्चे तक मांग कर चुके हैं लेकिन नतीजा सिफर रहा। पेश है सड़कों का हाल-