जाखलौन (ललितपुर)। शुक्रवार को ग्राम जमुनिया के सचिवालय में चौपाल आयोजित हुई। सदर विधायक रामरतन ने कहा कि सरकार सभी वर्गों के लिए काम कर रही है। उन्होंने पात्रों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास के प्रमाण पत्र देते हुए कहा कि सभी के खातों में 20-20 हजार रुपये की धनराशि भेज दी गई है।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि गरीबों को सारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के मिले। बीडीओ इरशाद अहमद ने कहा कि आवासों की सूची तैयार हो रही है। कोई भी यदि पात्र है तो उसको निश्चित रूप से आवास मिलेगा। यदि कोई दलाल पैसे मांगता है तो उसकी सूचना दें, ऐसे तत्वों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। इस दौरान अफसरों ने शिकायतें सुन निस्तारण के आदेश दिए। विधायक ने चौपाल में अनुपस्थित अधिकारियों की सूची बनाकर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष देशपत कुशवाहा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुरेश प्रकाश कौंतेय, मंडल महामंत्री मनोहर अहिरवार, मंडल उपाध्यक्ष अवधेश बबेले, विपिन पटेल आदि मौजूद रहे। संवाद