संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। हमले में घायल ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत होने पर शव एसपी आवास के सामने रखकर प्रदर्शन करने के दूसरे दिन मंगलवार को परिजन ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है।
थाना जाखलौन के ग्राम नयागांव निवासी रूपन पर 14 सितंबर को गांव के चार लोगों ने हमला कर दिया था। रूपन गंभीर रूप से घायल हो गया था और सोमवार को इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज झांसी में उसकी मौत गई थी। आक्रोशित परिजन ने शव को एसपी आवास के सामने रखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
मंगलवार को मृतक रूपन के परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आगे की कार्रवाई करने और रूपन पर हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की। एसपी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देश पर थाना जाखलौन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने में जुटी है। संभावित स्थानों पर पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।