संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सहकारी समितियों की हालत खराब है। किसानों के बैठने के लिए उचित स्थान नहीं है। कहीं फर्श टूटा है तो वहीं किसी इमारत की छत से पानी टपक रहा है। इन समितियों की हालत सुधारने के लिए सदर विधायक ने सहकारिता मंत्री को पत्र भेजा है।
साधन सहकारिता समितियां कभी किसानों के लिए खेती में आर्थिक सहायता करती थीं। आज भी खाद, बीच व रसायन यहां उचित मूल्य पर मिलता है। वर्तमान में इन सहकारी समितियों पर किसानों के बैठने के लिए स्थान नहीं है, न ही शौचालय की सुविधा है। फर्श और छत भी खस्ताहाल हैं। इस भवनों में खांदी, पूराकलां, सुनौरा, चुनगीधनगौल, सेरवासकलां, बिजरौठा, तालबेहट, बनगुवांकलां, बार, देवरान, बांसी, ननौरा, सिरसी, लागौन, थनवारा, दैलवारा, रोड़ा, ललितपुर वकलवारा साधन सहकारी समिति की इमारतें शामिल हैं। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सहकारिता विभाग को पत्र लिखकर इन साधन सहकारी समितियों की इमारत में यात्री शेड, बेंच, सामुदायिक शौचालय, आरओ प्लांट, सोलर लाइट, छत व बाउंड्रीवाल निर्माण आदि की मांग की है।
साधन सहकारी समितियों की इमारतों की मरम्मत व अन्य सुविधाओं के लिए सहकारिता मंत्री को प्रस्ताव भेजा है। इस संबंध में वार्ता भी हुई है। जल्द ही इन इमारतों का जीर्णोद्धार प्रारंभ किया जाएगा।
रामरतन कुशवाहा, सदर विधायक।