- लोक निर्माण विभाग ने स्वीकृति के लिए शासन को भेजा प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में जर्जर हालत 171 सड़कों के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग 3.35 अरब रुपये खर्च करेगा। लोक निर्माण विभाग ने 524 किलोमीटर की सड़कों के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा है। इसमें 152 सड़कों की मरम्मत के लिए 40 करोड़ रुपये व 19 नए निर्माण के लिए दो अरब 94 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। सब कुछ ठीक रहा तो स्वीकृति मिलने पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
जिले में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की प्रमुख खस्ताहाल सड़कें मरम्मत की राह देख रही हैं। ऐसे में चार पहिया वाहन ही नहीं दो पहिया वाहनों की निकासी तक मुश्किल हो गई है। आए दिन लोग गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। अब जर्जर सड़कों की मरम्मत, नवनिर्माण व सुदृढ़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। विधानसभा क्षेत्रों के दोनों विधायकों ने भी कई सड़कों के प्रस्ताव विभाग को दिए हैं। इसके साथ ही विभाग ने प्रमुख समेत अन्य सड़कों के निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी है।
कार्ययोजना में जिले की 524 किलोमीटर की 171 सड़कों के निर्माण के लिए 3.35 अरब रुपये का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। इसमें 402 किलोमीटर की 152 सड़कों के मरम्मत के कार्य के लिए 40 करोड़ व 19 सड़कों के नवनिर्माण में सुदृढ़ीकरण, चौड़ीकरण समेत नई सड़कों के निर्माण के लिए 02.94 करोड़ के प्रस्ताव भेजे गए हैं। सब कुछ ठीक रहा तो शासन से स्वीकृति मिलने पर सड़कों के निर्माण कार्य को शुरू किया जाएगा।
-
इन प्रमुख सड़कों की भेजी गई कार्य योजना
- शहर में सदर कांटा से सावरकर चौराहा होकर हाईवे तक
- बार से बांसी मार्ग
- बानपुर से महरौनी मार्ग
- नेशनल हाईवे सरखड़ी से महरौनी नाराहट बाया झरावटा मार्ग
- बार से बानपुर मार्ग
- ललितपुर बानपुर मार्ग में बानौनी मार्ग से दैलवारा संपर्क मार्ग
- हुसंगा मार्ग के छूटे हिस्से में सड़क का निर्माण
- भुचेरा चांदरा से बलगुवां मार्ग
- देवरान से नदनवारा मार्ग
-
विधायकों ने दिए प्रस्ताव
महरौनी विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़कों की मरम्मत व नवनिर्माण के लिए श्रम सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ व ललितपुर विधानसभा क्षेत्र में संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने विभागों को प्रस्ताव दिए हैं।
-
कार्ययोजना तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेज दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराए जाएंगे। - वीपी सिंह, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग