जनपद की बिजली व्यवस्था की पूरी कमान जिला परिषद स्थित विद्युत कार्यालय से संचालित की जाती है। अधिशासी अभियंता कार्यालय होने के कारण तीनों उपखंड कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी सीधे तौर पर यहां से जुड़े हुए हैं। खासतौर पर सरकारी, कामर्शियल व नलकूप संयोजनधारी उपभोक्ताओं का संपर्क भी इसी कार्यालय से रहता है। यहां की गतिविधियां हमेशा सुर्खियों में बनी रहती हैं। दलाल प्रवृत्ति के लोग अपना काम बनाने को विभिन्न रास्तों का सहारा लेते हैं। आए दिन लोगों द्वारा शिकायतें भी लगातार मिलती रहती हैं। अधिशासी अभियंता प्रशांत सिंह द्वारा शिकायतों के मद्देनजर हर पटल के कर्मियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का निर्णय लिया है। विद्युत कार्यालय में चार स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे हर पटल की गतिविधियों पर अधिशासी अभियंता सीधे अपनी कुर्सी पर बैठे-बैठे ही पड़ताल कर सकेंगे और शक होने या संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा सकेगी। इसके लिए विभाग द्वारा सर्वे करा लिया गया है। यह सीसीटीवी कैमरा विभाग द्वारा लगभग बीस हजार रुपए की लागत से लगाए जाएंगे। अधिशासी अभियंता ने बताया कि शीघ्र ही कैमरे लगवाए जाएंगे, इसके लिए कार्य एक कार्यदायी संस्था को जिम्मा सौंप दिया गया है।