संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को भारी सुरक्षा व्यवस्था व सीसीटीवी कैमरे की निगरानी के बीच राजकीय इंटर कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में रखा गया है। इस स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए चौबीस घंटे पुलिस कर्मी तैनात हैं। इसके साथ कंट्रोल रूम के जरिये भी नजर रखी जा रही है।
50 केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं चल रही हैं। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को राजकीय इंटर कॉलेज में पहुंचाया जाता है और स्ट्रांग रूम में रखवा दिया जाता है। स्ट्रांग रूम के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिससे यहां रखी उत्तर पुस्तिकाओं की निगरानी की जाती है। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने कंट्रोल रूम के जरिये स्ट्रांग रूम पर नजर रखी जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि जीआईसी में उत्तर पुस्तिकाएं रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी है। यहां किसी भी व्यक्ति का आना जाना वर्जित है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।