पुलवारा। बार थाना क्षेत्र के ग्राम पुलवारा में मंगलवार की सुबह तालाब में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। ग्राम पुलवारा निवासी जयराम सेन मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता है। मंगलवार की सुबह उसका 16 वर्षीय सबसे छोटा पुत्र विष्णु घर का गेहूं पिसाने के लिए गांव में आटा चक्की पर गया था। जहां पहुंचने पर बिजली नहीं होने के कारण वह अपने दोस्तों के साथ कस्बा बार के बच्छ सागर तालाब, जिसका क्षेत्रफल ग्राम पुलवारा तक फैला हुआ है, उसमें नहाने के लिए चला गया। लेकिन, नहाते वक्त वह तालाब के गहरे पानी में डूबने लगा। यह देख साथ में तैर रहे दोस्तों ने चीखपुकार शुरू कर दी। लेकिन, तालाब के नजदीक कोई नहीं होने के कारण वे गांव में पहुंचे एवं लोगों को घटना की जानकारी दी। इस पर ग्रामीणों ने दौड़ कर तालाब पहुंचकर पानी में डूबे किशोर को तालाब से बाहर निकाला और आननफानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बार लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसका चिकित्सकीय परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।