ललितपुर/तालबेहट। तालबेहट क्षेत्र में स्थित माताटीला बांध से बेतवा नदी में छलांग लगाने वाली किशोरी की तलाश रविवार को भी जारी रही। किशोरी की तलाश में बांध के तीन व चार नंबर गेट को खोलकर पानी की निकासी की गई। जिसके बाद गेट नंबर तीन के पास किशोरी की जैकेट और बैग बरामद हुआ। वहीं रविवार को किशोर के शव का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट के समक्ष दो चिकित्सकों के पैनल व वीडियोग्राफी में कराया गया।
बबीना क्षेत्र के 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले किशोर व किशोरी ने बीते सात दिसंबर को माताटीला बांध में छलांग लगा दी थी। बांध के गेट नंबर नौ के पास उनकी बाइक एवं गेट नंबर चार के पास दोनों की चप्पलें मिली थीं। जानकारी पर बबीना पुलिस ने दोनों की तलाश बांध में शुरू करा दी थी। लगातार तीन दिन तक चली खोजबीन के बाद शनिवार शाम को किशोर का शव बेतवा नदी में गेट नंबर तीन के पास बरामद कर लिया गया।
किशोर का शव बरामद होने के बाद किशोरी के भी नदी में कूदने की संभावना बढ़ गई। जिसके चलते रविवार को किशोरी की तलाश के लिए 11 गोताखोर नदी में उतारे गए और बांध के तीन व चार नंबर गेट को खुलवाकर पानी की निकासी कराई गई। ताकि यदि किशोरी कूदी और वह कहीं चट्टानों में फंसी हो तो पानी के बहाव में बह जाए। हालांकि अभी तक किशोरी तो बरामद नहीं हो सकी, लेकिन गेट नंबर तीन के पास किशोरी की सिलेटी रंग की जैकेट पड़ी मिल गई। जबकि जहां बाइक बरामद हुई थी वहां से नदी में उसका बैग भी बरामद हो गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों की मांग पर किशोर के शव का पोस्टमार्टम पैनल व वीडियोग्राफी के बीच मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया गया है। किशोर का विसरा सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि किशोरी का बैग और जैकेट रविवार की दोपहर में नदी से बरामद हो गया है।
बबीना में कई थानों की फोर्स तैनात
तालबेहट। शनिवार की शाम बांध से किशोर का शव बरामद होने के बाद बबीना में तनाव फैल गया। मृतक युवक के परिजनों के आक्रोश के बाद पुलिस अधिकारियों ने आसपास के थानों से पुलिस फोर्स और पीएसी को बुला लिया। पुलिस ने दोनों के घर एवं आसपास फोर्स तैनात कर पूरे मोहल्ले में गश्त किया।