राजकीय इंटर कालेज के सभागार में नियुक्ति पत्र हाथ में दिखाते नवनियुक्त शिक्षक
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उप्र बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में 69000 पदों के सापेक्ष 31277 चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से एनआईसी ललितपुर में किया। इस दौरान राज्यमंत्री श्रम और सेवायोजन विभाग उप्र मनोहर लाल पंथ, विधायक सदर रामरतन कुशवाहा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्यमंत्री, सदर विधायक, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने नवनियुक्त 05 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया, साथ ही निर्देश दिये कि पूरी लगन एवं मेहनत के साथ बच्चों को शिक्षित करें। इसी क्रम में नवनियुक्त अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह राजकीय इंटर कालेज के सभागार में हुआ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामप्रवेश ने कहा कि आज जो भी लोग नियुक्ति पत्र प्राप्त कर रहे हैं, उनको बहुत बधाई। जनपद में कई ऐसे अभिभावक हैं जो प्राईवेट विद्यालयों से सरकारी विद्यालयों में अपने बच्चों को पढ़ा रहे हैं। जनपद में शासन के निर्देशानुसार 52 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का संचालन प्रारंभ किया गया है। इस नव नियुक्ति के पश्चात जनपद में शिक्षकों की कमी की पूर्ति होगी।