ललितपुर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने बृहस्पतिवार को बीएसए को एक ज्ञापन देकर शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि शैक्षणिक गुणवत्ता व उन्नयन के लिए किए गए निरीक्षण में अनियमितता एवं विसंगति पाए जाने पर शिक्षकों को सुधार के अवसर प्रदान किए जाएं, जिससे शिक्षक भयमुक्त होकर स्वस्थ मन से शैक्षिक कार्य कर सकें। निरीक्षणों को निज स्वार्थ, निज लाभ, भ्रष्टाचार व शोषण का जरिया कदापि नहीं बनाया जाए। बच्चों को एमडीएम खाद्यान्न वितरण के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित राशन विक्रेताओं/कोटे की दुकानों पर पर्याप्त खाद्यान्न की उपलब्धता नहीं है। अध्यापकों द्वारा खाद्यान्न वितरण की पर्चियां बच्चों को दिए जाने के उपरांत बच्चों को कोटे की दुकानों से राशन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। मिडडेमील की शासनादेश के अनुसार शिक्षकों की कोई जवाबदेही नहीं है। अत:पूर्व की भांति एमडीएम का निर्माण ग्राम प्रधान या एनजीओ से ही कराया जाए। माह अगस्त की समाप्ति होने पर है, विभाग द्वारा निशुल्क पाठ्य पुस्तकें विद्यालयों को प्रेषित नहीं की गई हैं। अत:खंड शिक्षाधिकारियों द्वारा रूटचार्ट तैयार करवाकर निशुल्क पाठ्य पुस्तकों को अविलंब विद्यालयों में भिजवाया जाए। प्रधान अध्यापक प्राथमिक एवं सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय और प्रधान अध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालयों के पदों पर पदोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची तैयार की जाए। प्रेरणा मॉड्यूल आधारित प्रश्न निरीक्षणों में पूछने के पूर्व उनका शिक्षकों से फीडवैक लिया जाए और फीडवैक लेने के लिए समस्त खंड शिक्षाधिकारियों को आदेश जारी किए जाएं। अनुसूचित जाति वर्ग के शिक्षकों के चयन वेतनमान अविलंब स्वीकृत किए जाएं। आठवीं मांग में बताया कि शासनादेश व वित्तीय नियमों के तहत किसी भी शिक्षक व कर्मचारी का वेतन रोका नहीं जा सकता है, जब तक कि उस शिक्षक द्वारा कोई संगीन जुर्म या अपराध या वित्तीय अनियमितता न की हो, या फिर उसका अपराध सिद्घ होकर न्यायालय द्वारा सजा न मिली हो। लेकिन, विभाग में मनमर्जी से शिक्षकों के वेतन अवरूद्घ किए जाते हैं। महासंघ ने बीएसए को ज्ञापन देकर उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए निस्तारण किए जाने की मांग की है। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष रविकांत ताम्रकार, मंडल अध्यक्ष अरविंद तिवारी, महामंत्री हरभजन सिंह सिसौदिया, जिला संगठन मंत्री तृप्ति सिंह, जिला संयुक्त महामंत्री नंदिता सिंह, जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार, संजय तिवारी, अविनाश श्रीवास, अमित जैन के हस्ताक्षर हैं।