ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम सैदपुर में एक ग्रामीण की जहर खाने से मौत हो गई। महरौनी क्षेत्र के ग्राम सैदपुर निवासी भगवत सिंह (38) पुत्र राम सिंह शनिवार को दोपहर में खेत पर सोयाबीन की थ्रेसिंग कराने के लिए गया था। इसके बाद अचानक से वह घर लौट गया और वहां उसने किसी बात से झुब्ध होकर घर में रखी कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। कुछ देर बाद जब उसका बड़ा बेटा नीलेश घर पहुंचा तो वह पिता के कमरे में गया, जहां उसने पिता को सोते हुए पाया, लेकिन कमरे में दवाई की बदबू आती देख उसने पिता को हिलाया, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। जिस पर उसने तत्काल अपने अन्य परिजनों को बुलाया और पिता को लेकर मड़ावरा अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत भगवत सिंह को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मेमो मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे नीलेश ने बताया कि उसके पिता के नाम चार एकड़ जमीन है और उसमें उन्होंने सोयाबीन बोया था, लेकिन थ्रेसिंग में सोयाबीन कम निकलने के चलते उसके पिता दुखी थे। मृतक के दो बेटे हैं और वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था।