ललितपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक ने एसआरबी इंटर कॉलेज बांसी का निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं के पास एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकें नहीं मिली। इस पर उन्होंने नाराजी जाहिर की। जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर को निरीक्षण के दौरान एसआरबी इंटर कॉलेज में कक्षाएं संचालित मिली। कक्षा- 10 ए में आगे के दो पंखे खराब मिले। कक्षा-10 सी में लगातार अनुपस्थित छात्र/छात्राओं के नियमानुसार नाम नहीं काटे गए और न ही अभिभावक को नोटिस जारी किए गए। कक्षा-11 ए सहित कई कक्षाओं में एनसीईआरटी द्वारा नियत प्रकाशकों की पाठय- पुस्तकें छात्र/छात्राओं के पास नहीं पाई गईं। कुछ कक्षाध्यापकों द्वारा छात्र उपस्थिति पंजिका पूर्ण (माह/अनुपस्थिति) नहीं की गई। कक्षा-9 वीं में हिन्दी की कॉपी अध्यापक द्वारा चेक नहीं मिली। किसी भी अध्यापक द्वारा शिक्षक डायरी प्रस्तुत नहीं की गई। इस पर प्रधानाचार्य को निर्देश दिए गए कि प्रतिदिन प्रार्थना सभा में छात्र/छात्राओं को स्वास्थ्य विभाग से संबंधित जानकारी रोगों के बचाव के लिए प्रदान की जाए। कक्षाध्यापकों को छात्र उपस्थिति पंजिका के पृष्ठों के कॉलमों में माह, वर्ष आदि पूर्ण कराने को कहा। प्रत्येक दशा में विद्यालय में एनसीईआरटी द्वारा नियत प्रकाशकों की पुस्तकों से ही पढ़ाई कराने के निर्देश दिए।