बस के ऊपर खड़े बच्चे व बगल से निकले बिजली के तार
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जनपद में विद्यार्थी जान का जोखिम उठा कर विद्यालयों में आवाजाही कर रहे हैं। ग्राम खितवांस स्थित इंटर कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थी बस की छतों पर बैठकर सफर कर रहे हैैं। ऐसे में बस से उतरते समय सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने का खतरा बना हुआ है। वहीं सफर के दौरान अचानक ब्रेक लगने या चलने से गिरने से घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। पहले घटना होने के बाद भी जिम्मेदार चेत नहीं रहे हैं।
परिवहन विभाग द्वारा बसों को रूट परमिट जारी किए जाते हैं। इसमें संचालन के नियम और रूट भी तय किए गए हैं। लेकिन परिवहन विभाग के नियमों को ताक पर रखकर खुले आम बसें फर्राटे भर रहीं है। ललितपुर से महरौनी मार्ग पर लोगों को बसों में छत पर बिठाकर सफर कराया जा रहा है। इनमें सवारियां ही नहीं इंटर कॉलेज के बच्चे तक खुले आम बस की छत पर बैठकर सफर कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
गांव में बच्चों को उतारने के लिए बसें सड़क किनारे खड़ी होतीं हैं। ऐसे में छत से उतरने पर विद्यार्थी व सवारियों के सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के तारों की चपेट में आने का खतरा बना हुआ है। वहीं सड़क पर भी कुछ स्थानों पर लाइन गई है। इसमें भी करंट लगने का खतरा बना हुआ है। साथ ही बस की गति तेज से होने या अचानक ब्रेक लगने पर गिरने से दुर्घटना होने की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसके बाद भी जिम्मेदार बसों की छत पर सफर कराने से बाज नहीं आ रहे हैं।
बीते माहों पर हो चुकी दो घटनाओं से नहीं ले रहे सीख
ग्राम मसौरा से आगे बीते माहों पूर्व एक बस मोटरसाइकिल में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इसमें बाइक चालक व सवार समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद तेज रफ्तार बस के अनियंत्रित होने से दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भी जिम्मेदार सीख नहीं ले रहे हैं।
जिले में बसों की छत पर बिठाकर सफर कराने की जानकारी हुई है। इस पर अभियान चलाकर जांच की जाएगी। जिसमें छतों पर या क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर चालान किया जाएगा।- एसएल गौड़, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी