- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले एकजुट हुए छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बृहस्पतिवार को महाविद्यालय के कर्मचारियों की लापरवाही से छात्रवृत्ति से वंचित किए गए हजारों की विद्यार्थियों की समस्या समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रदर्शन किया। इसमें प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं का निस्तारण नहीं किया जा रहा है। महाविद्यालय की लापरवाही के चलते हजारों की संख्या में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति से वंचित कर दिया है। कारण छात्रवृत्ति के आवेदन अग्रसारित नहीं किए गए हैं। ऐसे में अब छात्रवृत्ति मिलने से वंचित हो गए हैं। इसके अलावा बताया कि दो फरवरी को पांच सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन दिया था, लेकिन अब तक इसका निस्तारण नहीं किया गया है। बीते 27 जनवरी को महाविद्यालय के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से एक छात्र ने पिता को खो दिया है। इसके बाद भी महाविद्यालय परिसर से हाईटेंशन लाइन के तार नहीं हटाए जा सके हैं। जल्द ही समस्याओं का निस्तारण किए जाने की मांग की है। इस दौरान शिवम देवलिया, धनंजय दुबे, रोहित मिश्रा, कुलदीप द्विवेदी, अभय पाठक, निधि राजपूत, योगेंद्र बुंदेला, युवराज, संजय आदि अन्य मौजूद रहे।