ललितपुर। भोपाल से चलकर दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर सोमवार शाम को अराजक तत्वों ने पथराव कर दिया। इससे ट्रेन के सी-1 कोच का कांच टूट गया। पथराव के चलते ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर आरपीएफ ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोपाल से चलकर दिल्ली की जा रही गाड़ी संख्या 12001 शताब्दी एक्सप्रेस ललितपुर स्टेशन पर ठहराव के बाद आगे बढ़ी। ट्रेन दैलवारा रेलवे स्टेशन के पास ही पहुंची थी तभी पुल के पास शरारती तत्वों ने 120 की स्पीड से जा रही ट्रेन पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से ट्रेन के सी-1 कोच में सीट संख्या 63 व 68 के पास लगा कांच टूट गया। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने इसकी जानकारी कोच के टीटीई को दी। जिस पर टीटीई ने इसकी जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम से जानकारी मिलने पर आरपीएफ ने मौके पर पहुुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। मामले में आलाधिकारियों को सूचना देते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 व 147 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
दैलवारा रेलवे स्टेशन के पास शताब्दी एक्सप्रेस के एक कोच पर पत्थर लगने से कांच टूट गया है। कंट्रोल से सूचना मिलने पर निरीक्षण के बाद उक्त मामले में मामला दर्ज कर लिया है। - सूर्यप्रकाश सिंह, थाना प्रभारी आरपीएफ