संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। वरिष्ठ सर्जन के घर से 40 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए घरेलू नौकर सहित चार को गिरफ्तार कर लिया। मिट्टी में दबाकर रखे गए चोरी के रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।
सिविल लाइन स्थित अभिलाषा पेट्रोल पंप के पास शिव डाइग्नोस्टिक के कर्ताधर्ता डॉ. आरके अग्रवाल के घर की अलमारी में रखे 40 लाख रुपये चोरी कर उनका घरेलू नौकर गायब हो गया था। एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने पुलिस की तीन टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने डाइग्नोस्टिक सेंटर, चिकित्सक के घर के अंदर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग को देखा, जिसमें महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। जांच में पता चला कि चोरी करने में घरेलू नौकर के साथ अन्य लोग भी शामिल थे। रविवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस ने ग्राम मड़वारी के पास से प्रकाश कुशवाहा निवासी कांशीराम कालोनी, फूलचंद्र कुशवाहा निवासी ग्राम मडवारी, दीपक कुशवाहा निवासी वर्णी जैन इंटर कॉलेज के पास सिविल लाइन, भजन कुशवाहा निवासी रामनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी के 41,59,500 रुपये बरामद किए गए। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। चोरी का खुलासा करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण सिंह, एसओजी में तैनात निरीक्षक हरीशंकर चंद, निरीक्षक जनार्दन यादव, उपनिरीक्षक विपिन डेढा, महिला उपनिरीक्षक पारुल चंदेल, सिपाही नरेंद्र कुमार शामिल रहे।
-
घरेलू नौकर प्रकाश को पुत्र जैसा मानते थे डॉक्टर
घरेलू नौकर प्रकाश कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि वह डाॅक्टर के यहां करीब 22 साल से काम कर रहा था और डॉक्टर उसे पुत्र की तरह मानते थे। घर में रुपया-पैसा कहां रखा रहता था, यह उसे पता था। रुपयों के लालच में डॉक्टर के यहां काम करने वाले कंपाउंडर दीपक कुशवाहा, चौकीदार भजन कुशवाहा के साथ मिलकर उसने चोरी की योजना बनाई थी।
इस प्रकार दिया था चोरी को अंजाम
प्रकाश ने बताया कि जब डॉक्टर अपने कंपाउंडर दीपक कुशवाहा के साथ सुबह 9:30 बजे अस्पताल चले गए थे और ऑपरेशन थिएटर में पहुंचे तो दीपक ने उसे फोन करके बता दिया था। इसके बाद उसने शिव डाइग्नोस्टिक सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की सप्लाई काट दी और चौकीदार भजन कुशवाहा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
जमीन में गड्ढा खोदकर उसके नीचे दबा दी थी रकम
चुराए गए रुपयों को एक बैग में रखकर प्रकाश ग्राम मड़वारी अपने साले फूलचंद के पास पहुंचा। यहां साले को पूरी घटना बताकर उसे प्लान में शामिल किया। जमीन में एक गड्ढा खोदकर उसमें चुराए गए रुपयों को मिट्टी से दबा दिया था। मामला शांत होने के बाद रुपये यहां से निकालकर आपस में हिस्सा बांटने की योजना थी।
-
वर्जन
डाॅ. आरके अग्रवाल के घर से 40 लाख रुपये चोरी कर ले जाने वाले घरेलू नौकर के साथ अस्पताल में ही काम करने वाले कंपाउंडर व चौकीदार सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। -मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक