संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बृहस्पतिवार को ग्राम ककरुआ स्थित केपीएस डिग्री काॅलेज में क्षय रोग अभियान को लेकर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। क्षय रोग को जल्द समाप्त करने पर जोर दिया गया।
जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅ. रामनरेश सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने क्षय रोगियों को गोद लेने की प्रक्रिया प्रारंभ की है। इससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा। साथ ही क्षय रोगी जल्द स्वस्थ होंगे और अन्य लोगों की भांति समाज की मुख्य धारा में जीवनयापन कर सकेंगे। डाॅ. जेएस बक्शी ने बताया कि यह बीमारी प्राचीन काल से चली आ रही है और लाइलाज बीमारियों में शुमार थी, लेकिन अब नियमित दवा खाने से यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो जाती है। समय से इलाज नहीं कराने पर यह बीमारी धीरे-धीरे व्यक्ति को मारती है, इसलिए लक्षण महसूस होते ही इलाज शुरू हो जाना चाहिए।
काॅर्डिनेटर आदेश श्रीवास्तव ने कहा, 24 मार्च को क्षय रोग दिवस मनाया जाता है। इस बार लोकसभा चुनाव व होली होने के चलते बृहस्पतिवार को मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत निक्षय पोषण योजना चल रही है। मरीजों को पोषण सहायता प्रदान करने के लिए पांच सौ रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। इस दौरान प्रबंधक डाॅ. लतिका सुडेले, प्राचार्य डाॅ. राजेंद्र प्रकाश आदि मौजूद रहे।