संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कक्षा 11वीं की छात्रा के साथ अश्लील बातें करना और मना करने पर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा पुलिस ने दो नामजद सहित चार के खिलाफ दर्ज किया है।
एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री कक्षा 11वीं की छात्रा है। कई माह से मोहल्ले का एक युवक उसकी पुत्री को स्कूल व कोचिंग आते-जाते समय छेड़ता है। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे पुत्री अपना जन्म दिन होने के कारण सहेलियों से मिलने जा रही थी। वह सरस्वती शिशु मंदिर के पास पहुंची थी कि आरोपी युवक अपने तीन साथियों के साथ पीछा करने लगा। आरोपियों के डर से उसकी पुत्री तेज कदमों से कलक्ट्रेट अपनी दीदी के पास जाने लगी तो कलक्ट्रेट चौराहे पर आरोपियों ने रास्ता रोक लिया और अश्लील बातें करने के साथ धमकी देने लगे। उसका मोबाइल नंबर भी मांगा। पुत्री वहां से भागकर अपनी बड़ी बहन के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। जब उसने आराेपी के घर जाकर उलाहना दिया तो आरोपी व उसकी मां ने उसके घर आकर गाली गलौज कर धमकी दी। क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय ने बताया कि पीड़ित छात्रा के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।