संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बुंदेलखंड गौरव महोत्सव के तहत 28 एवं 29 जनवरी को विभिन्न कार्यक्रम की योजना तैयार की गई है। विशेष आकर्षण का केंद्र एयर बैलून व वाटर स्पोर्टस के कार्यक्रम होंगे। हेरिटेज कार्यक्रम के तहत देवगढ़ के पर्यटन क्षेत्र दिखाए जाएंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने बुंदेलखंड गौरव महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम 28 व 29 जनवरी को मनाया जाएगा। इस दौरान तुवन मंदिर पर हॉट एयर बैलून, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ग्रीन फायर क्रैकर्स शो, लेजर शो, देवगढ़ में योग कार्यक्रम व सुंमेरा तालाब में वाटर स्पोर्टस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में क्षेत्रीय कलाकारों की प्रस्तुति होगी। देवगढ़ में ऐतिहासिक स्थलों का लोगों को भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही यहां के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया जाएगा।