डॉक्टर की लापरवाही से जच्चा बच्चा की मौत का मामला गर्मा गया है। सोमवार को सपा लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने हॉस्पिटल के बाहर प्रदर्शन कर भ्रष्टाचार के खिलाफ पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। इधर कलक्ट्रेट में सपा नेताओं नहीं घटना पर रोष जताते हुए मुख्यमंत्री और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन देकर पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्यवाई की मांग की।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहा। मालूम हो कि शहर के मोहल्ला आजादपुरा निवासी गर्भवती मालती (37) पत्नी नवीन सोनी की शनिवार को मौत हो गई थी। परिजनों ने जिला महिला अस्पताल की महिला चिकित्सक पर प्रसूता का सीजर नहीं करने का आरोप लगाया।
प्रसूता के परिजन मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. डीके नाथ के पास शिकायत लेकर पहुंचे थे। इसके बाद भी उसका उपचार शुरू नहीं होने पर परिजन उसे लेकर इलाईट स्थित एक नर्सिंग होम ले गए जहां उसे भर्ती कराया।
लेकिन कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से गुस्साएं परिजनों व आसपास के लोगों ने महिला अस्पताल में देर रात हंगामा किया। मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य ने लापरवाही बरतने पर महिला चिकित्सक को निलंबित कर दिया। वहीं डीएम अक्षय त्रिपाठी ने घटना की जांच करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने नर्सिंग होम को सीज कर जांच शुरू करा दी है।