नेहरू नगर बवाल : नईबस्ती चौकी प्रभारी का स्थानांतरण किया थाना मदनपुर में
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नेहरू नगर में दो समुदाय के बीच हुए बवाल के मामले में पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने नेहरू नगर चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया। जबकि रात के समय महिला के घर में पहुंचने के आरोप में नई बस्ती चौकी प्रभारी का स्थानांतरण थाना मदनपुर कर दिया गया।
19 अगस्त को शहर के मोहल्ला नेहरू नगर में दो समुदाय के बीच बवाल हो गया था। जिसमें मारपीट व जमकर पत्थरबाजी हुई थी। कोतवाली सदर में 12 नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दस आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले की जांच पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के द्वारा कराई गई। जिसमें नेहरू नगर चौकी प्रभारी को लापरवाही का दोषी पाया गया। बुधवार को एसपी ने नेहरू नगर चौकी प्रभारी अजीत सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। उधर, सिपाही रामकरन और अबरार को निलंबित कर दिया गया।
वहीं 15 अगस्त की आधी रात को नईबस्ती मोहल्ले में एक महिला के घर में बिना महिला सिपाही के पहुंचने को लेकर हुए विवाद और वीडियो वायरल होने मामले की जांच एसपी ने सीओ सदर से कराई थी। सीओ सदर अभय नारायण राय ने अपनी जांच रिपोर्ट एसपी के समक्ष प्रेषित कर दी थी। बुधवार को एसपी ने नईबस्ती चौकी प्रभारी नवाब सिंह को थाना मदनपुर स्थानांतरित कर दिया।
जबकि कोतवाली महरौनी में तैनात उपनिरीक्षक गौतम पुनिया को आईजीआरएस की शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर पुलिस लाइन में तैनात कर दिया गया है।
नईबस्ती चौकी प्रभारी को थाना मदनपुर स्थानांतरित किया गया है। जबकि नेहरू नगर चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है।
मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक