संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आठ आयुर्वेदिक अस्पतालों को जल्द ही अपने भवन मिल जाएंगे। 2.24 करोड़ से बनाए जा रहे इन अस्पतालों का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। चार भवन पूरी तरह से बनकर तैयार हो गए हैं। शेष भी जल्द बनकर तैयार हो जाएंगे। इन्हें विभाग को सुपुर्द करने की प्रक्रिया चल रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही किराए के भवनों में चल रहे अस्पतालों को निजी भवन में शिफ्ट किया जाएगा।
शासन ने किराए व सरकारी भवनों में अस्थाई रूप से चल रहे आठ आयुर्वेदिक अस्पतालों के भवन निर्माण की मंजूरी दी थी। इनके निर्माण के लिए 2.24 करोड़ रुपये की राशि भी जारी कर दी थी। प्रत्येक अस्पताल के निर्माण को 28 लाख रुपये जारी किए गए थे। इसके बाद अस्पतालों का भवन निर्माण शुरू कर दिया गया था। इनमें सात भवन का निर्माण एक साथ शुरू किया गया था। ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम बरौदा स्वामी में भूमि विवाद के चलते कार्य रुक गया था। फिर जमीन की नापजोख के बाद कार्य शुरू किया गया था।
अब अस्पतालों के भवन का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। इन्हें पूर्ण करने के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके साथ ही लगभग चार अस्पताल बनकर पूरी तरह से तैयार हो गए हैं, जो सुपुर्द होने की राह देख रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल्द ही अस्पतालों के भवन विभाग के सुपुर्द हो जाएंगे। इसमें अस्पतालों का संचालन जल्द ही कराया जाएगा।
-
निर्माणाधीन आठ आयुर्वेदिक अस्पतालों के भवन का कार्य अंतिम चरण में है। कुछ अस्पताल बनकर तैयार हो चुके हैं। जल्द ही विभाग को सुपुर्द होने के बाद इनमें उपचार की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
- डॉ. अर्जुनलाल अहिरवार, क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी
-
इन अस्पतालों के बन रहे भवन
ब्लॉक बार अंतर्गत ग्राम भैलोनी लोध, भैलोनी सूबा, ब्लॉक तालबेहट अंतर्गत ग्राम जमालपुर, ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम लागौन, बरौदा स्वामी, सीरोन, ब्लॉक महरौनी अंतर्गत ग्राम गुढ़ा व ब्लॉक मड़ावरा अंतर्गत ग्राम सतवांसा के अस्पतालों का भवन निर्माण किया जा रहा है।