ललितपुर। विवाह पंचमी के अवसर पर भगवान श्रीराम की बरात शहर के विभिन्न स्थानों से निकाली जाएगी। इसी क्रम में हनुमान जी महाराज कटरा बाजार मंदिर में प्रभु श्रीराम विवाह पंचमी का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है। 19 दिसंबर को श्रीराम बरात समारोह एवं विवाह महोत्सव होगा। 20 दिसंबर को दशमाननी, कथा कार्यक्रम एवं प्रसादी वितरण किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार श्रीराम बरात रामराजा मंदिर आजाद चौक में सुबह 11 बजे एकत्रित होगी। इसके पश्चात बरात रामराजा मंदिर आजाद चौक से प्रारंभ होकर सनीचरा चौराहा, घंटाघर से सदर कांटा, तलैयापुरा, पानी की टंकी, महावीरपुरा से होते हुए मदन मोहन मंदिर पहुंचेगी। यहां बरात विश्राम करेगी। इस आयोजन को सफल बनाने में हनुमान मंदिर कटरा बाजार समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। उधर, आयोजित एक परिचर्चा में नेहरू महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रो. भगवत नारायण शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम का विवाहोत्सव मानव मात्र के जीवन का आनंदोत्सव है।