ललितपुर/बार/बिरधा/मड़ावरा। आदर्श समायोजित शिक्षक, शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से शहर, बार, बिरधा, मड़ावरा में सीएम को संबोधित ज्ञापन बीईओ को दिए गए। मांग की कि शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक पद पर पदस्थापित किया जाए।
आदर्श समायोजित शिक्षक/शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन की ब्लॉक स्तर पर बैठक में सात सूत्री मांगों पर चर्चा हुई। ब्लॉक बिरधा में जिलाध्यक्ष भगवत सिंह बैस के नेतृत्व में शिक्षा मित्रों ने एबीएसए गौरव शुक्ला को सीएम को संबोधित ज्ञापन दिया। इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष बृजेश कुमार टोंटे, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कुमार राजपूत, रेखा लिटोरिया सहित अन्य शिक्षा मित्र मौजूद रहे। वहीं, मड़ावरा में भी एसोसिएशन की तरफ से बीईओ को ज्ञापन दिया गया। बताया गया कि शिक्षामित्रों और उनके परिजनों को जीवनयापन में काफी परेशानी हो रही है। जीवन में विषम परिस्थितियों के चलते लगभग आठ हजार शिक्षामित्रों की आकस्मिक मृत्यु हो चुकी है। संगठन द्वारा लगभग डेढ़ लाख शिक्षा मित्रों को सहायक अध्यापक के तौर पर समायोजित करने की मांग की। साथ ही समान कार्य, समान वेतन, महिला शिक्षामित्रों को गैर जनपद में ससुराल होने पर अथवा नजदीकी विद्यालय में स्थानांतरण करने, जिले के अंदर शिक्षामित्रों को मूल विद्यालय अथवा घर के पास विद्यालय में तैनाती देने, मृतक शिक्षामित्रों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति देने और शिक्षक की तरह चिकित्सा सुविधा, अवकाश सुविधा, कैशलेस चिकित्सा अथवा आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने समेत सेवानिवृत्ति की आयु 62 वर्ष करने, गुजारा भत्ता, पेंशन देने की भी मांग की। इस दौरान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष भरत सिंह, महामंत्री शंकर सिंह, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, अशोक कुशवाहा, सुरेश कुमार, रुचि नायक, रामलाल, रामभाऊ, नीलेश राय, पृथ्वी सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, ब्लाॅक बार में ब्लॉक अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी के नेतृत्व में शिक्षा मित्रों में बैठक कर एबीएसए को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ज्योति प्रकाश खरे, राजेश विश्वकर्मा, राजेन्द्र सिंह, जीवन लाल आदि मौजूद रहे।