संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सौजना में 40 लाख रुपये की लागत से शहीद चरण सिंह पार्क का निर्माण होने जा रहा है। दो एकड़ पर बनने वाले इस पार्क को संस्कृति विभाग व पंचायती राज विभाग संयुक्त रूप से तैयार कर रहा है।
विकास खंड महरौनी के ग्राम सौजना में शहीद पार्क बनाने के लिए कार्य तेजी से प्रारंभ हो गया है, इसका नक्शा तैयार कर लिया गया है। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर पार्क में बैडमिंटन, वालीबॉल, योग व ओपन जिम बनाई जाएगी। युवाओं के खेलकूद का भी ध्यान रखा जाएगा। बुजुर्गों के टहलने के लिए पाथ वे बनाया जा रहा है। संस्कृति विभाग इस पार्क निर्माण में 30 लाख रुपये खर्च कर रहा है तो ग्राम पंचायत की ओर से दस लाख खर्च किया जा रहा है। इस पार्क को आधुनिक तरीके से बनाया जा रहा है, जो पूरे क्षेत्र में मॉडल के रूप में होगा।
ग्राम सौजना में शहीद चरण सिंह पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसे बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों व महिलाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है।
नवीन कुमार मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी।