संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम ने एक मकान के अंदर आईपीएल मैचों पर सट्टा खेलते हुए सात सटोरियों को पकड़ लिया।
रविवार रात को टीम ने नेहरू नगर स्थित एक मकान में छापामार कार्रवाई की। यहां आईपीएल मैचों पर सट्टा खेल रहे मोहम्मद सोहेल, गौरव राय, मोनिश खान, योगेश रैकवार, छोटे लाल रैकवार, सौरव अहिरवार उर्फ जीतू निवासी मोहल्ला नेहरू नगर, ऋतिक जैन निवासी नझाई बाजार को पकड़ लिया। जबकि अंगद यादव निवासी फौजपुरा, समीर पंथ निवासी नईबस्ती, गोलू खान निवासी मोहल्ला नेहरू नगर मौके से भाग गए। आरोपियों ने बताया कि लोगों को व्हाट्सएप के माध्यम से जोड़कर आईपीएल मैच में सट्टा खिलवाते हैं। व्हाट्सएप पर पेमेंट करने के लिए बार कोड व नंबर देते हैं। खिलाड़ी के जीतने या हारने के बाद वे लोग उन्हें पैसा नगद व ट्रांसफर कर देते हैं। पुलिस टीम ने 68230 रुपये, 11 मोबाइल फोन और एक कार बरामद की।