बार/पुलवारा। बार प्रीमियर क्रिकेट लीग में रविवार को सेमरा रॉयल्स बनाम चिगलौआ सुपर स्टार के मध्य मुकाबला हुआ। इसमें सेमरा रॉयल्स ने चिगलौआ सुपर स्टार को हरा दिया। मैच के मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी तिलक चंद्र अहिरवार ने कहा कि यह बहुत शानदार टूर्नामेंट है। मैच देखकर आप रणजी और इंटरनेशनल मैचों का अनुभव कर सकते हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश सोनी ने कहा कि टूर्नामेंट दिनोंदिन तरक्की करता जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारने का मंच है। सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए दोनों टीमें दबाव में थीं। सेमरा रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। चिगलौआ सुपर स्टार के सोनू छपरट और विजय बबीना की शानदार गेंदबाजी के आगे सेमरा रायल्स ने घुटने टेकते हुए 13.2 ओवर में 74 रन बनाए। छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी चिगलौआ सुपर स्टार की टीम सेमरा रायल्स के आकिब रजा और नीरज बबीना की शानदार गेंदबाजी के आगे 5.3 ओवर में 19 रन पर ढेर हो गई। छह बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके, जबकि पूरी टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। इस तरह सेमरा रॉयल्स ने चिगलौआ सुपर स्टार को 55 रन से हरा दिया और सेमीफाइनल में जगह बना ली। मैच के आयोजक शेरसिंह यादव टोडी, दीपक वाल्मीकि, जितेंद्र यादव ने अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। थर्ड अंपायर रानू राजा, अंपायर राकेश पटैरिया, दर्शन चतुर्वेदी, कमेंट्री रामलखन यादव, अजीत यादव, स्कोरर धर्मेंद्र पुरोहित, लाइव स्कोरर शुभम यादव रहे।