तालबेहट/ललितपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट में जिम्मेदारों के लापरवाही बरतने को लेकर अमर उजाला में प्रकाशित हुए समाचार के बाद महकमा अलर्ट हो गया है। शनिवार को डीएम और सीएमओ के निर्देश पर अधीक्षक ने समय पर उपस्थित न होने पर दो चिकित्सक समेत सात स्वास्थ्य कर्मियों का एक दिन का वेतन काट दिया। इससे अस्पताल में हड़कंप मचा हुआ है।
सीएचसी में लगातार चिकित्सक व कर्मचारी लापरवाही बरतते हुए समय से उपस्थित नहीं हो रहे थे। इससे सुबह मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा था। समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाते हुए समाचार प्रकाशित किए थे। जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर देरी से आने वाले चिकित्सक व कर्मियों पर लगाम लगाने व कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। शनिवार को सीएचसी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय खरे ने देरी से आने वाले दो चिकित्सक समेत सात कर्मियों के चेतावनी देने के बाद भी लापरवाही बरतने पर अनुपस्थित कर वेतन आहरित न करने के निर्देश जारी किए हैं।
अब सीएचसी परिसर में कार्रवाई से कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों को भी अस्पताल में व्याप्त समस्याओं में सुधार होने की उम्मीद जाग गई है। उम्मीद है कि अब कर्मियों के समय पर आने से बेहतर व समय से उपचार मिल सकेगा।
सीएचसी में देेरी से आने वाले चिकित्सक व कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे। जिस पर अधीक्षक ने दो चिकित्सक समेत सात कर्मियों के देरी से आने पर अनुउपस्थित कर वेतन निर्गत न करने के लिए पत्र जारी किया है।
- डॉ. जेएस बक्शी, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी