ललितपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन से शुक्रवार को सुबह ललितपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। जहां उनकी ट्रेन प्लेटफार्म संख्या दो पर आई। वह जैसे ही ट्रेन से प्लेटफार्म दो पर उतरीं तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान उनकी सुरक्षा में लगे सीपीआर एवं स्थानीय कोतवाली पुलिस के अलावा जीआरपी और आरपीएफ भी रेलवे स्टेशन पर मौजूद थी। भारी पुलिस बल होने के बाद भी भीड़ उन्हें घेरे रही। जब वह दो नंबर प्लेटफार्म से फुट ओवरब्रिज से चढ़कर प्लेटफार्म एक पर पहुंचीं लेकिन इस दौरान सुरक्षा कर्मियों को भीड़ अधिक होने के कारण कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और भीड़ को धक्का देकर अलग करना पड़ा। यहां तक कि फुट ओवरब्रिज पर चलते से प्रियंका को तीन जगह रुकना पड़ा, फिर सुरक्षा घेरे के बीच आगे बढ़ीं। यह स्थित प्लेटफार्म पर भी देखने को मिली।