ललितपुर। दो दिन पूर्व गोविंद सागर बांध के गेट खुलने से नदी में मछली पकड़ते समय पानी के तेज बहाव में बह गए युवक की खोजबीन के लिए मंगलवार को एसडीआरएफ की टीम ने जिले में डेरा डाला और खोजबीन शुरू की। एक घंटे बाद एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम ने युवक के शव को खोज निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर के नईबस्ती मोहल्ला निवासी इदरीश उर्फ जानी (32) पुत्र बफाती 27 जुलाई को गोविंद सागर बांध से निकली शहजाद नदी में मछली पकड़ने गया था। देर रात तक वह वापस लौटकर नहीं आया। इस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। खोजबीन की गई तो इदरीश की बाइक व कपड़े गोविंद सागर बांध के गेट से कुछ दूरी पर नदी किनारे रखे मिल गए। जानकारी की तो पता चला कि मछली पकड़ते समय बांध का गेट खुलने पर वहां मौजूद अन्य लोग तो बाहर निकल आए थे। लेकिन इदरीश एक पत्थर के टापू पर खड़ा होकर रुक गया था। इस पर संभावना जताई जाने लगी कि इदरीश बांध के गेट खुलने पर नदी में आए तेज पानी के बहाव में बह गया है। पुलिस ने रविवार को पूरे दिन गोताखोरों और नाविकों की मदद से खोजबीन की। लेकिन कहीं पता नहीं चला। सोमवार की सुबह लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम जिले में पहुंची। टीम के जवानों ने गोविंद सागर बांध से निकली शहजाद नदी में अपनी वोट उतारी और डाउन स्ट्रीम में खोजबीन शुरू की। अभी टीम नदी में खोजबीन करती हुई डोंडाघाट के पास पहुंची कि उन्हें नदी किनारे स्थित झाड़ियों में इदरीश का शव फंसा मिल गया। शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीआरएफ द्वारा चलाए गए खोजबीन अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी सदर चंद्रप्रताप सिंह, सीओ सदर अभय नारायण राय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।
नदी के बहाव में बहकर लापता हुए युवक को खोजने के लिए एडीआरएफ की टीम आई थी। टीम ने शहजाद नदी में खोजबीन करने का अभियान चलाया। टीम ने लापता युवक के शव को खोज निकाला। - चंद्रप्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी सदर।