सीबीआई लखनऊ ब्रांच की टीम ने शनिवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की कस्बा जाखलौन स्थित शाखा में छापामार कार्रवाई की। बैंक का मेन गेट बंद करके अभिलेखों को गहनता के साथ खंगाला और बैंक के कंप्यूटर का डाटा पेन ड्राइव में सेव कर अपने साथ ले गए। उन्होंने बैक से किसी को बाहर तक नहीं निकलने दिया। इससे हड़कंप मचा रहा।
शनिवार को कस्बा जाखलौन स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में प्रतिदिन की भांति कामकाज चल रहा था। बैंक के ग्राहक अपने रुपये जमा व निकाल रहे थे। इसी बीच बैंक के बाहर चार पहिया तीन वाहन रुके। वाहनों से करीब आधा दर्जन से अधिक लोग उतरकर बैंक के अंदर दाखिल हुए और अपना परिचय पत्र दिखाते हुए सीबीआई लखनऊ ब्रांच टीम होना बताया।
अचानक से बैंक के अंदर छापा पड़ने पर बैंक कर्मचारियों सहित वहां मौजूद ग्राहकों में हड़कंप मच गया। सीबीआई की टीम ने बैंक का मुख्य गेट बंद किया और सभी बैंक कर्मचारियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर स्विच ऑफ करते हुए अपनी कार्रवाई शुरू कर दी।
टीम ने बैंक के सभी अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया और गड़बडियों को खंगालना शुरू कर दिया। बैंक के अंदर मौजूद कंप्यूटर को भी खंगाला जाने लगा। सीबीआई टीम की कार्रवाई चलने से न तो कोई बैंक के अंदर जा पा रहा था और न ही अंदर मौजूद ग्राहक बाहर निकल पा रहे थे। अचानक से बैंक में हुई छापामार कार्रवाई पर लोगों की भीड़ बैंक के बाहर जमा हो गई थी। सभी लोग बैंक के अंदर क्या चल रहा है व किस कारण कार्रवाई हो रही है यह जानने की जुटाने की जुगत भिड़ाने लगे। सीबीआई की जांच पड़ताल देर शाम तक जारी रही। इस दौरान टीम ने बाजार से एक पेन ड्राइव भी मंगवाई। अनुमान लगाया जा रहा है कि जांच टीम बैंक का डाटा पेन ड्राइव में संकलित कर अपने साथ ले गई है। इसके बाद सीबीआई की टीम बैंक के प्रबंधक को अपने साथ वाहन में बैठाकर ले गई।
सीबीआई लखनऊ ब्रांच की एक टीम ने शनिवार को जाखलौन स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में किसी घोटाले या गड़बड़ी को लेकर छापामार कार्रवाई की। जांच पड़ताल करने के बाद सीबीआई की टीम बैंक प्रबंधक को अपने साथ ले गई।-राजा दिनेश सिंह, थाना जाखलौन प्रभारी निरीक्षक