ललितपुर। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों के लंबित वेतन जनवरी के दूसरे सप्ताह तक भुगतान होगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने बजट के लिए पत्राचार कर दिया है, जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समेत न्यू पीएचसी पर कार्यरत लगभग 60 आउटसोर्सिंग कर्मियों को लंबे समय से समय से वेतन नहीं मिल पा रहा है। हालत यह है कि उन्हें दो माह का वेतन हमेशा लंबित बना रहता है। ऐसे में कर्मचारियों की आर्थिक समस्याएं कम नहीं हो पा रही है। वर्तमान में इन सभी कर्मियों को तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं किया जा सका है। ऐसे में इनको परिवार का पालन पोषण करना तक मुश्किल बना हुआ है। अब इन कर्मियों को समय से वेतन देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी कर ली है। वेतन के भुगतान के लिए शासन को बजट के लिए डिमांड भेजी गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बजट जारी होने की संभावना है। उम्मीद है कि जनवरी माह के दूसरे सप्ताह तक सभी का वेतन भुगतान कर दिया जाएगा।
वेतन का भुगतान समय से न होने से अधिक समस्याएं बनी रहती है। बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो जाता है। - सोनू वार्ड ब्वॉय
समय से वेतन नहीं मिलने से आर्थिक तंगी बनी रहती है। समय से सभी कर्मियों का वेतन दिलाया जाए। - अवध बिहारी
आउटसोर्सिंग कर्मियों के वेतन के लिए बजट की मांग की है। जनवरी माह के दूसरे सप्ताह तक इन कर्मियों को वेतन का भुगतान किया जाएगा। - डॉ. जेएस बक्शी, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी