संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में चल रहे रक्तदान शिविर के दौरान एक युवक कार्यक्रम में शामिल अतिथि को देखकर भड़क गया। आरोप लगाया कि अतिथि चिटफंड कंपनी से जुड़े हैं। एजेंट के रूप में उसने लोगों के लाखों रुपये जमा कराए, अब कंपनी रुपये वापस नहीं कर रही है। इसके बाद अतिथि कार में बैठकर खिसक लिए।
मेडिकल काॅलेज में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर एक समिति के तत्वावधान में शिविर आयोजित किया जा रहा था। समिति के आमंत्रित एक विशिष्ट अतिथि को देखकर एक युवक ने हंगामा शुरू कर दिया। युवक ने कहा कि उक्त अतिथि ने एक कंपनी संचालित की थी, इसमें कई लोगों के पैसे जमा कराए। उसने भी एजेंट के रूप में कार्य किया है। दो वर्ष में लगभग 10-12 लाख रुपये जमा कराया। अब यह व्यक्ति पैसे वापस नहीं कर रहा है। आरोप है कि अतिथि ने पूर्व में मारपीट भी की थी। साथ ही पैसे की मांग करने पर जान से मारने की धमकी दी।
हंगामा होता देख अस्पताल परिसर में भीड़ जुट गई। इसके बाद अतिथि कार में बैठकर भाग गया। कई अधिकारी भी इधर-उधर खिसक लिए।
-
शिविर में महादानियों ने किया रक्तदान
शिविर में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, नगर पालिका परिषद अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा समेत 20 महादानियों ने रक्तदान किया। शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी व प्राचार्य डॉ. डीनाथ व महंत रामलखनदास ने किया। इस दौरान सदर विधायक रामरतन कुशवाहा समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
-
मेडिकल कॉलेज परिसर के गेट के बाहर हंगामा होने की जानकारी हुई है। कौन लोग थे, इसकी जानकारी नहीं है।
- डाॅ. डीनाथ, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज