संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मध्याह्न भोजन के लिए करीब 1.23 करोड़ रुपये की धनराशि आ गई है। बेसिक शिक्षा विभाग इस धनराशि को विद्यालयों में भेजने की प्रक्रिया जल्द शुरू करेगा।
यहां 1354 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय हैं, जिनमें 1.78 लाख छात्र-छात्राएं हैं। विद्यालयों में मध्याह्न भोजन दिया जाता है। यह भोजन मेन्यू के अनुसार बनाया जाता है। सब्जी, तेल, मसाले, ईंधन सहित अन्य खाद्य पदार्थों के लिए शासन की ओर से कन्वरजन कॉस्ट की धनराशि विद्यालयों के खातों में पहुंचाई जाती है। वर्तमान में सितंबर से कन्वरजन कॉस्ट की धनराशि बकाया चल रही है। हाल में शासन ने 1.23 करोड़ रुपये की कन्वरजन कॉस्ट भेजी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार उक्त धनराशि से अक्तूबर व नवंबर तक की कन्वरजन कॉस्ट की धनराशि विद्यालयों के खातों में पहुंच जाएगी।
मिड-डे मील योजना के तहत कन्वर्जन कॉस्ट की करीब 1.23 करोड़ की धनराशि शासन ने भेजी है। उक्त धनराशि को जल्द ही विद्यालयों में भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कपिल दुबे, जिला समन्वयक मिड-डे मील योजना