संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के समीप ग्राम रोड़ा में नवनिर्मित रोडवेज डिपो की अब सुपुर्दगी का इंतजार है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अधिकारी अंतिम निरीक्षण 15 फरवरी तक कर लेंगे, इसके बाद डिपो को सुपुर्द किया जाएगा। डिपो से बसों का संचालन फरवरी के अंतिम सप्ताह तक शुरू होने की उम्मीद है।
यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के लिए वर्ष 2015 में रोडवेज डिपो की सौगात मिली थी। इसे वर्ष 2018 में बनकर तैयार होना था। निर्माण शुरू होने से लोगों को खुशी हुई। उन्हें लगा कि अब आवाजाही की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी, लेकिन निर्माण में पत्थर व कार्यशाला भवन के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन बाधा बन गई। विभाग ने लगभग दस लाख रुपये विद्युत विभाग में जमा किया, इसके बाद दो वर्ष में हाईटेंशन लाइन हट सकी। वहीं, पानी की समस्या से निर्माण अधूरा पड़ा रहा। इसके बाद छह बोर कराए गए, लेकिन सभी खाली हो गए। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व अन्य क्षेत्र में बोर कराया गया, जिसमें पानी मिल गया। अब सीसी सड़क से लेकर सभी भवन बनकर तैयार हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अंतिम निरीक्षण 15 फरवरी तक कर लिया जाएगा। इसके बाद तत्काल ही इसको सुपुर्दगी में लिया जाएगा।
डिपो में हो चुके यह निर्माण
- मुख्य भवन
- कार्यशाला
- धुलाई रैंप
- कैंटीन
- पानी की टंकी
- मार्ग में पेवर ब्रिक्स
-
नौ वर्ष में ढाई गुनी हो गई निर्माण राशि
रोडवेज डिपो के निर्माण के लिए विभाग ने लगभग सात एकड़ भूमि सात करोड़ रुपये से खरीदी थी। डिपो की निर्माण राशि चार करोड़ 99 लाख रुपये रखी गई थी। तय समय में काम न होने से रेट बढ़ गए, इसके बाद रिवाइज स्टीमेट भेजा गया। निर्माण राशि बढ़कर दो गुना हो गई। इसके बाद दस करोड़ से निर्माण शुरू किया गया। फिर डेढ़ करोड़ रुपये का रिवाइज स्टीमेट भेजा गया। इस तरह से डिपो की निर्माण राशि साढ़े ग्यारह करोड़ रुपये हो गई।
-
ललितपुर रोडवेज डिपो की सुपुर्दगी की तैयारी चल रही है। इसका एक निरीक्षण किया जाना है, जिसके बाद सुपुर्दगी में ली जाएगी।
- संतोष कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम, झांसी डिपो
-
रोडवेज डिपो का कार्य लगभग एक सप्ताह पूर्व ही पूरा हो गया है। अब इसकी सुपुर्दगी की प्रकिया चल रही है। अधिकारियों की टीम द्वारा निरीक्षण का कार्य शेष रह गया है। इसके बाद डिपो सुपुर्द हो जाएगी।
- तनवीर आलम, सहायक अभियंता, पैक्सफेड