संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। करीब ढाई वर्ष पूर्व एसटीएफ द्वारा मक्का के बोरों के बीच ओडिशा से गांजा तस्करी कर मथुरा जा रहे ट्रक को पकड़ने के मामले में वांछित एक आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
25 फरवरी 2022 को एसटीएफ लखनऊ ने नेशनल हाईवे पर चंदेरा के पास एक ट्रक को पकड़ा था, जिसमें 1109 पैकेटों में 11 क्विंटल 57 किलोग्राम गांजा रखा था। इसकी कीमत करीब तीन करोड़ रुपये थी। एसटीएफ ने ट्रक चालक संजीव कुमार उर्फ ताऊ निवासी बालाजीपुरम मथुरा और दिनेश सिंह निवासी ग्राम शक्ति जनपद हाथरस के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों ने बताया था कि उक्त गांजे की खेप को ओडिशा के सोनपुर निवासी रामकुमार बारिक ने भेजा था। पुलिस टीमें रामकुमार बारिक की तलाश में जुटी थीं लेकिन सफलता नहीं मिली। एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने रामकुमार बारिक की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।