ललितपुर। चिटफंड कंपनी बनाकर लोगों से करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के वांछित आरोपी पर पुलिस अधीक्षक ने इनाम की धनराशि बढ़ाकर 50 हजार कर दी है। इसके लिए एसपी ने पुलिस उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा है।
जिले में एलयूसीसी नाम की चिटफंड कंपनी बनाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लोगों के रुपये हड़पने के कई मुकदमे विभिन्न थाना-कोतवाली में दर्ज हैं। मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया जा चुका है। एसआईटी ने जैसे-जैसे मामले की जांच को आगे बढ़ाया। कंपनी का संचालन करने वाले लोगों का सच सामने आने लगा। एसपी ने एलयूसीसी कंपनी के रविशंकर तिवारी, आलोक जैन और सुरेंद्र पाल सिंह की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। पुलिस एक इनामी आलोक जैन को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसपी मोहम्मद मुश्ताक का कहना है कि चिटफंड कंपनी के लोगों पर दर्ज मुकदमे में वांछित एक आरोपी रविशंकर तिवारी की गिरफ्तारी पर इनाम धनराशि को 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार किया गया है। इसके लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया है।