ललितपुर। नगर निकाय की मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य 20 सितंबर से नगर पंचायत स्तर पर सत्यापन और अन्य कार्य बीएलओ द्वारा किया जाएगा। जनवरी 2022 तक 18 वर्ष या अधिक आयु वर्ग के लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
जनपद में आगामी निकाय चुनाव को देखते हुए जिला प्रशासन व जिला निर्वाचन विभाग सक्रिय हो गया है और निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार काम करने में जुट गया है। जनपद की एक नगर पालिका व तीन नगर पंचायतों में चुनाव होना प्रस्तावित है। निर्वाचन आयोग के आदेश पर 20 सितंबर से नगर पालिका परिषद ललितपुर, नगर पंचायत तालबेहट, पाली में निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण शुरू होगा। यह सत्यापन का काम बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे। इसके साथ निर्वाचन नामावली में नाम बढ़ाने-घटाने और संशोधन का काम भी किया जाएगा। एक जनवरी 2022 तक 18 वर्ष या अधिक आयु पूर्ण करने वाले नागरिकों के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे। घर-घर भ्रमण के दौरान बीएलओ के पास संबधित मतदेय स्थल की नगरीय निकाय निर्वाचन नामावली के साथ चार प्रकार के गणना कार्ड रहेंगे। जिसमें परिवर्धन सूची, संशोधन सूची, विलोपन सूची और परिवर्धन सूची शामिल है। इन सूचियों में नाम, शुद्ध नाम, मृत, डबल नाम, पूर्णरूपेण शिफ्टेड मतदाता का विवरण, पूर्व में त्रुटिवश छूट गए नाम सहित अन्य जरूरी जानकारी को भरा जाएगा। जिला निर्वाचन विभाग ने संबधित विभागों को इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं।
महरौनी नगर पंचायत में हुए 13 वार्ड
प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को लेकर शासन द्वारा नगर पंचायत महरौनी का परिसीमन किया गया। परिसीमन के बाद यहां पर दस वार्डों के स्थान पर 13 वार्ड गठित किए गए हैं। जिस कारण मतदाताओं की वार्डवार शिफ्टिंग के उपरांत पुनरीक्षण कार्य चार अक्तूबर से शुरू किया जाएगा।