तालबेहट। राजस्व टीम की नाप के बाद दबंगों का शासकीय जमीन पर कब्जा साबित होने पर उपजिलाधिकारी अमित कुमार भारतीय ने अवैध कब्जाधारियों पर मामला दर्ज कराने के तहसीलदार को निर्देश दिए थे। उपजिलाधिकारी के आदेश के सात दिन बाद भी लेखपाल उक्त मामला दर्ज कराना तो दूर पुलिस को प्रार्थनापत्र तक नहीं दिया। इससे दबंग कब्जाधारियों के हौसले बुलंद है।
तहसील अंतर्गत ग्राम कड़ेसराखुर्द निवासी मंगलसिंह पुत्र काशीराम ने उपजिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर शासकीय जमीन व तालाब पर अवैध रूप से खेती करने का आरोप लगाते हुए जांच व उन पर कार्रवाई की मांग की थी। जिस पर उपजिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार बार की अध्यक्षता में एक टीम बना कर उक्त जमीन की पैमाइश कराई थी ,जिसमें राजस्व निरीक्षक विष्णु दीक्षित, लेखपाल सुरेंद्र कुमार, अनिल कुमार, एवं रुचि ने उक्त जमीन की दोनों पक्षों की मौजूदगी में पैमाइश की थी। जिस पर दबंगों का कब्जा सिद्ध हुआ। रिपोर्ट आने पर उपजिलाधिकारी अमित कुमार भारतीय ने तहसीलदार से लेखपाल से उक्त मामलों में अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। लेकिन उपजिलाधिकारी के आदेश के सात दिन बीत जाने के बाद भी किसी भी कब्जा धारी पर मामला दर्ज न हो सका।
मेरे पास इस संबंध में आज तक कोई तहरीर नहीं आई है।तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की कार्रवाई की जाएगी। - विनोद कुमार मिश्र, प्रभारी निरीक्षक तालबेहट।