ललितपुर। पंजाब राज्य के अमृतसर में मकबूल रोड व्हाइट एवेन्यू के सामने निवासी अमिता अग्रवाल ने जीआरपी थाना पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि 24 सितंबर को वह मालवा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12920) से जालंधर से उज्जैन की यात्रा कर रही थीं। वह ट्रेन के ए-2 कोच में सीट संख्या पांच पर सवार थीं। 25 सितंबर की सुबह करीब सात बजे ट्रेन ललितपुर रेलवे स्टेशन के पास थी तो उसने अपना पर्स सिरहाने रख लिया था। कुछ समय बाद जब उसकी आंख खुली तो सिरहाने रखा पर्स गायब मिला। आसपास उसने पर्स की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। अज्ञात व्यक्ति उसका पर्स चोरी कर ले गया। चोरी हुए पर्स में करीब 95 हजार रुपये कीमत का आईफोन 15 प्रो, 30 हजार रुपये नकद, करीब 30 हजार रुपये कीमत के दो चश्मे, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, पैन कार्ड, विभिन्न बैंकों के क्रेडिट व एटीएम कार्ड, पोर्टेबल मोबाइल चार्जर और मेकअप किट रखी थी। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद